रांची : झारखंड में भीषण गर्मी और हीट वेव (लू) का दौर शुरू हो रहा है. मौसम विभाग (IMD रांची) के अनुसार, आज (19 अप्रैल) राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. वहीं, इस दौरान चिलचिलाती धूप के कारण पारा 40 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट के अनुसार, पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से गर्मी के तेवर और कड़े होंगे, जिससे लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि देखी जाएगी. मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है.
सोमवार (20 अप्रैल) और मंगलवार (21 अप्रैल) को उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड के जिलों में गढ़वा, पलामू, पलामू, चतरा, खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में लू चलने की प्रबल संभावना है. इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
राजधानी रांची में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि जमशेदपुर और धनबाद जैसे शहरों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा.
आज राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है, जिससे रातें भी गर्म और उमस भरी महसूस होंगी.
22 अप्रैल के बाद मौसम में हल्के बदलाव की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल 5 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
दोपहर 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को पूरी तरह ढक कर रखें. साथ ही, पशुओं और बच्चों को भी धूप में न निकलने दें.

0 Comments