धनबाद : जिले के टुंडी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है. कमारडीह स्थित SBI के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब 80 हजार रुपए की लूट की वारदात सामने आई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
घटना टुंडी थाना अंतर्गत कमारडीह की है, जहां दोपहर के समय अचानक अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन नकाबपोश अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और सीधे SBI CSP केंद्र में घुस गए. अपराधियों के हाथों में हथियार थे. अपराधियों ने संचालक सुनील मुर्मू को पिस्तौल के बल पर धमकाया और काउंटर में रखे लगभग 80 हजार रुपए लूट लिए. पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. जिसमें अपराधियों का बेखौफ अंदाज साफ दिखाई दे रहा है.
*घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश*
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस द्वारा CSP में लगी सीसीटीवी की जांच की गई. SBI CSP संचालक सुनील मुर्मू ने बताया कि तीन लोग आए थे. सबके चेहरे ढंके हुए थे. पिस्तौल दिखाकर पैसे ले लिए. हम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे लोग भाग गए.
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. वहीं घटना को लेकर डीएसपी डीएन बंका ने कहा कि लूट की घटना घटी है. तीन नकाबपोश अपराधियों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.

0 Comments