-->

धनबाद में किन्नर समाज की गरिमा को ठेस : फर्जी किन्नरों पर कार्रवाई की मांग


किन्नर कल्याण बोर्ड झारखण्ड सरकार की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर ने एडीआरएम से मिल की कार्रवाई की मांग*

धनबाद : किन्नर समाज की छवि को धूमिल करने और यात्रियों के साथ हो रही बदसलूकी के मामलों को लेकर किन्नर कल्याण बोर्ड झारखंड सरकार की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर ने धनबाद रेल अनुमंडल के एडीआरएम मुकेश कुमार से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि इन दिनों रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कुछ पुरुष किन्नरों का भेष धारण कर अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं और यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं, बल्कि असली किन्नर समाज की छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। सुनैना सिंह किन्नर ने कहा कि किन्नर समाज सदियों से अपनी एक सामाजिक पहचान और परंपरा के साथ जीता आ रहा है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस पहचान का गलत फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे फर्जी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि रेलवे प्रशासन स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इस दौरान एडीआरएम मुकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की शिकायतों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments