कतरास:- धनबाद जिले के कतरासगढ़ स्थित गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय की एक शिक्षिका भावना चौहान ने बकाया वेतन और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 20 अप्रैल 2026 से सत्याग्रह एवं भूख हड़ताल करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद को लिखित सूचना भी दी है।
शिक्षिका भावना चौहान ने बताया कि वह 2 जनवरी 2002 से विद्यालय में कार्यरत हैं और वर्तमान में मात्र 2540 रुपये मासिक वेतन पर सेवा दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते कई महीनों से विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा उनका वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब वेतन वृद्धि की मांग की जाती है, तो प्रबंधन द्वारा उन्हें नौकरी छोड़ने की सलाह दी जाती है। इससे स्पष्ट होता है कि उन्हें जबरन विद्यालय से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
भावना चौहान ने अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास कोई अन्य रोजगार का साधन नहीं है, जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। कम वेतन में भी वह विद्यालय में सेवा देने को मजबूर हैं।
शिक्षिका ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर कई बार विद्यालय प्रबंधन और संबंधित सरकारी विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। इससे आहत होकर उन्होंने विद्यालय के मुख्य द्वार पर 20 अप्रैल से भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें उनका बकाया वेतन दिलाया जाए, वेतन का भुगतान DBT के माध्यम से नियमित किया जाए तथा राज्य सरकार के नियमानुसार वेतन वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और शिक्षिका की मांगों पर कितना जल्दी समाधान निकल पाता है हलचल

0 Comments