भाई-बहन के रिश्ते और संस्कार का दिया संदेश
तोपचांची: झारखंड सरकार की पहल के तहत रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को तोपचांची प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बच्चियों ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शामिल तोपचांची प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार ने बच्चियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और संस्कार का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन से बच्चों में संस्कार और सामाजिक भावना मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार की यह पहल काफी अच्छी है। इसी के तहत वे कस्तूरबा विद्यालय पहुंचे, जहां बच्चियों ने उत्साहपूर्वक राखी बांधी। उन्होंने सभी बच्चियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार ने कहा कि समाज में भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा और आपसी प्रेम हमेशा कायम रहना चाहिए तथा बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

0 Comments