बूथ 246 से 252 तक मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच
तोपचांची: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत 24 अगस्त से तोपचांची प्रखंड कार्यालय के सभागार में मतदाताओं के दावा-आपत्ति संबंधी मामलों की सुनवाई लगातार की जा रही है। इसके लिए बूथवार शेड्यूल जारी किया गया है, जिसके अनुसार नोटिस प्राप्त मतदाताओं को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने आवश्यक दस्तावेज जमा करने हैं।
29 अगस्त को बूथ संख्या 246, 247, 248, 249, 250, 251 और 252 के नोटिस प्राप्त मतदाताओं की दावा-आपत्ति संबंधी सुनवाई की गई। मतदाताओं को नोटिस में दिए गए समय के अनुसार तीन अलग-अलग स्लॉट में बुलाया गया—सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।
निर्धारित समय पर पहुंचे मतदाताओं ने BLO और अपने संबंधित सुपरवाइजर से संपर्क कर आवश्यक कागजात जमा किए। इसके बाद दावा-आपत्ति सभागार में टेबलवार दस्तावेजों की जांच और मामलों का निष्पादन किया गया।
सबसे पहले टेबल पर मतदाताओं की उपस्थिति दर्ज की गई और BLO की लॉगिन आईडी के माध्यम से फोटो सहित उपस्थिति ऑनलाइन अपलोड की गई। इसके बाद अगले टेबल पर मतदाताओं के दस्तावेजों की बारीकी से जांच और मिलान किया गया।
जांच के दौरान अनमैपिंग, नाम में त्रुटि, उम्र संबंधी जानकारी और स्थानीयता जैसे विभिन्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। दस्तावेजों की जांच के बाद मामला AERO नूपुर कुमारी के टेबल तक पहुंचा, जहां प्रखंड विकास पदाधिकारी सह AERO द्वारा एक बार फिर संबंधित कागजातों का अवलोकन और सत्यापन किया गया।
यदि मतदाता द्वारा पर्याप्त और उचित साक्ष्य उपलब्ध कराया जाता है, तो दावा-आपत्ति संबंधी नोटिस पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे साइन कर आगे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, यदि प्रस्तुत साक्ष्य पर्याप्त नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित मतदाता को अगले 10 दिनों के भीतर उचित साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए नोटिस दिया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार इस पूरी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से छूटे नहीं और किसी अपात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल न हो।
इस दौरान कनक कांति महतो, जो प्रखंड कार्यालय में AERO के साथ पेशकार के रूप में प्रतिनियुक्त हैं, ने दावा-आपत्ति की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।


0 Comments