-->

बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद आंचलिक कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस।


धनबाद, 15 अगस्त 2026। बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल कार्यालय में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति एवं उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में उप आंचलिक प्रबंधक अभ्रतनु चंद सहित आंचलिक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विशेष रूप से स्टाफ सदस्यों के परिवारजनों एवं बच्चों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत एवं पारिवारिक बना दिया।

इस अवसर पर आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने सभी से बैंकिंग सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, वित्तीय समावेशन तथा ग्राहकों के प्रति उत्कृष्ट सेवा भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला, गायन और नृत्य जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़- चढ़कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सुरक्षा गार्डों को भी उनके समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि किसी भी संस्थान की सुचारु एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली में सुरक्षा कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।

बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल कार्यालय ने इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Post a Comment

0 Comments