-->

बिना प्राधिकरण टिकट जांच करने वाली महिला को धनबाद लेडीज स्क्वायड ने पकड़ा |


धनबाद: यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे की व्यवस्था की सतत निगरानी के क्रम में आज दिनांक 12.08.2026 को ट्रेन संख्या 13545 आसनसोल–गया मेमू एक्सप्रेस में धनबाद लेडीज स्क्वायड टिकट चेकिंग दस्ता द्वारा आसनसोल से धनबाद के मध्य टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा था। टिकट जांच के दौरान ट्रेन में मौजूद हॉकरों एवं यात्रियों द्वारा लेडीज स्क्वायड को सूचना दी गई कि एक महिला द्वारा स्वयं को टी.टी. बताकर बिना किसी वैध प्राधिकरण के यात्रियों के टिकटों की जांच की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद लेडीज स्क्वायड की प्रभारी श्रीमती नूतन माला कुजूर एवं अन्य महिला टिकट जांच कर्मचारियों द्वारा उक्त महिला की पहचान एवं सत्यापन किया गया। जांच के दौरान संदेह की पुष्टि होने पर धनबाद कमर्शियल कंट्रोल को तत्काल सूचना देते हुए धनबाद स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की उपस्थिति में उसे ट्रेन से उतारा गया तथा अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई हेतु जीआरपी, धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया। धनबाद मंडल यात्रियों से अपील करता है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से रेलवे कर्मचारी बनकर टिकट जांच अथवा अन्य किसी प्रकार की गतिविधि करता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल रेल कर्मियों अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें।

मनीष सौरभ 

(वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी )

Post a Comment

0 Comments