गोमो- गुरुवार दोपहर डस्ट लदा एक हाईवा माथाडीह गांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों की मदद से उसे वाहन के केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद उप प्रमुख हेमलाल महतो, मुखिया प्रतिनिधि अमृत रजक सहित ग्रामीणों ने रेलवे की निर्माण कंपनी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। उनका कहना है कि पिछले पांच वर्षों से कंपनी क्षेत्र में कार्य कर रही है, लेकिन जनहित की अनदेखी कर रही है। भारी वाहनों से लगातार बालू, डस्ट, गिट्टी और लोहे के सामान की ढुलाई के कारण सड़कें जर्जर हो गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद रेलवे और निर्माण कंपनी ने सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

0 Comments