-->

बाघमारा और तोपचांची में किसान खेत पाठशाला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ


बाघमारा/तोपचांची। केन्द्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, रांची (झारखंड) की ओर से शनिवार, 5 सितंबर 2026 को बाघमारा प्रखंड के दलुडीह गांव में सब्जी फसल तथा तोपचांची प्रखंड के जीतपुर गांव में धान की फसल को लेकर किसान खेत पाठशाला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन रांची कार्यालयाध्यक्ष एवं सहायक निदेशक अशोक कुमार एच.पी. ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 35 किसानों का पंजीकरण किया गया है। प्रशिक्षण आगामी 14 सप्ताह तक चलेगा।

दलुडीह गांव में कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक नीतीश कुमार सुमन तथा जीतपुर गांव में तकनीकी सहायक पूर्णेंद्र मिश्र ने किया।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (IPM) के सिद्धांतों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नाशीजीवों के प्रबंधन के विभिन्न तरीकों, प्राकृतिक मित्र की पहचान एवं उनके संरक्षण, कीटनाशकों के संतुलित उपयोग और उनके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान दलुडीह एवं जीतपुर पंचायत के जनप्रतिनिधि, पौध संरक्षण निरीक्षक मनीष कुमार तथा कृषक मित्र सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments