नजरू संवाददाता
गोमो में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर रेलवे के विभिन्न विभागों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हर साल की तरह इस वर्ष भी लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
गोमो रेलवे के लिए भी विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व है। रेलवे यार्ड, इलेक्ट्रिक शेड सहित रेलवे के विभिन्न विभागों में धूमधाम के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा का आयोजन किया गया। पोस्ट ऑफिस, कैरेज विभाग और पावर हाउस समेत कई स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए।
हालांकि, शाम में हुई बारिश के कारण पूजा और मेले के आयोजन पर कुछ असर पड़ा। लेकिन रात करीब 9 बजे बारिश रुकने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा पंडालों और मेले में उमड़ पड़ी। बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मेले में चाट, पकौड़ी और अन्य खान-पान की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। श्रद्धालुओं ने परिवार और दोस्तों के साथ पूजा पंडालों का भ्रमण किया और मेले का आनंद लिया।
इस दौरान पूरे गोमो में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आपसी भाईचारे और मिल-जुलकर विश्वकर्मा पूजा का त्योहार मनाया।

0 Comments