धनबाद : जिले के तोपचांची स्थित जिला परिषद क्षेत्र संख्या-2 के जिला परिषद मार्केट में दुकानों का आवंटन इन दिनों चर्चा और विवादों के घेरे में आ गया है। मार्केट की दुकानों के लिए तय की गई भारी-भरकम राशि और आवंटन प्रक्रिया को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध के सुर उठने लगे हैं।
स्क्वायर फीट के आधार पर तय हुई है राशि
सूत्रों के अनुसार, जिला परिषद द्वारा मार्केट की दुकानों का आवंटन किया गया, जिसके लिए लगभग 17, 400 रुपये की दर निर्धारित की गई है। बताया जा रहा है कि यह दर स्क्वायर फीट के आधार पर तय की गई है। तोपचांची जैसे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्र के लिहाज से इस राशि को काफी अधिक माना जा रहा है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में रोष है।
आजसू नेता ने उठाए सवाल, की लॉटरी प्रणाली की मांग
इस पूरे मामले को लेकर आजसू पार्टी के नेता सदानंद महतो ने जिला परिषद धनबाद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जिला परिषद द्वारा दुकानों का आवंटन बेहद ऊंची दरों पर किया है, जो गरीब और मध्यम वर्ग के छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय है।
सदानंद महतो ने प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग करते हुए कहा कि, "जिस प्रकार झारखंड सरकार का उत्पाद विभाग शराब दुकानों के आवंटन में पारदर्शी लॉटरी प्रणाली अपनाता है, उसी तर्ज पर जिला परिषद को भी लॉटरी प्रक्रिया के जरिए दुकानों का आवंटन करना चाहिए था, ताकि किसी भी तरह के पक्षपात की गुंजाइश न रहे।"
जिला परिषद के रुख पर टिकी निगाहें
दुकानों के लिए तय की गई ऊंची कीमत और आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखने यह है कि इस विरोध के बाद धनबाद जिला परिषद प्रशासन का क्या रुख रहता है और वे इन शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं। जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इस मामले पर ध्यान नहीं दिया गया, तो तोपचांची का यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।

0 Comments