धनबाद : बैंक ऑफ़ इंडिया,धनबाद अंचल द्वारा हिन्दी दिवस के अवसर पर राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 14 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे आंचलिक कार्यालय सभागार में हिन्दी गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन आदरणीय आंचलिक प्रबन्धक दिनेश प्रसाद की उपस्थिती में किया गया। कार्यक्रम में आंचलिक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने हिंदी के विभिन्न लोकप्रिय, देशभक्ति एवं भावपूर्ण गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर सभागार को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतियोगिता ने कार्यालय के वातावरण में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और भावनात्मक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएँ कर्मचारियों को हिंदी के साथ जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के अंत में निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की गई जिन्हें पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजभाषा विभाग तथा आंचलिक कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। गीत गायन प्रतियोगिता ने हिंदी दिवस समारोह को और अधिक जीवंत एवं यादगार बना दिया।

0 Comments