तोपचांची। तोपचांची पंचायत के प्रथम मुखिया एवं जनसंघर्ष के अगुवा स्वर्गीय रघुनाथ महतो की पुण्यतिथि 26 अक्टूबर को दुमदुमी में मनाई जाएगी। इसे लेकर रघुनाथ महतो स्मारक समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर को स्मारक समिति के सदस्यों ने स्वर्गीय रघुनाथ महतो की प्रतिमा की साफ-सफाई कर रंग-रोगन किया और पुण्यतिथि समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए।
समिति से जुड़े सदानंद महतो ने बताया कि स्वर्गीय रघुनाथ महतो जनसंघर्ष के अगुवा और समर्पित समाजसेवी थे। उन्होंने तोपचांची पंचायत के प्रथम मुखिया के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके संघर्ष, विचारों और सामाजिक योगदान को याद करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि मनाई जाती है।
इस वर्ष आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए क्षेत्र के विधायक, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की तैयारियों में रघुनाथ महतो स्मारक समिति के अध्यक्ष छुटु राम महतो, सरयू प्रसाद महतो, प्रभुदयाल महतो, अनिल महतो, बिमल कुमार महतो, दयानंद प्रमाणिक, अरुण कुंभकार, मनोज कुमार दास, सुरेश तुरी, अनन्त लाल महतो और झारखंड आंदोलनकारी लालमणि महतो सहित समिति के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं। वहीं, विनोद विचार मंच के पदाधिकारी भी कार्यक्रम की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 26 अक्टूबर को दुमदुमी पहुंचकर पुण्यतिथि समारोह में शामिल हों और स्वर्गीय रघुनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष एवं सामाजिक योगदान को याद करें।

0 Comments