सावधान! धनबाद में सक्रिय हैं नकली पुलिसकर्मी, बस स्टैंड के पास बुजुर्ग से ठगी कर उड़ाए सोने के जेवर


धनबाद : शहर में नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने और उनके जेवरात उड़ाने वाले बदमाश सक्रिय हैं. बरटांड़ बस स्टैंड के पास दो उच्चकों ने पुलिसकर्मी बनकर 65 वर्षीय बुजुर्ग विनोद गोस्वामी को झांसे में लिया और उनकी सोने की चेन, अंगूठी व ब्रेसलेट लेकर फरार हो गये.

वारदात के बाद दोनों बाइक से बरवाअड्डा की ओर भाग निकले. घटना को लेकर हावड़ा निवासी विनोद गोस्वामी ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है.

बस से उतरकर स्टेशन जा रहे थे बुजुर्ग

विनोद गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की शाम करीब 3:50 बजे वह बरटांड़ बस स्टैंड के पास बस से उतरे थे. इसके बाद वह स्टेशन की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दो बदमाशों ने उन्हें नकली पुलिसकर्मी बनकर अपने झांसे में लिया. बातचीत के दौरान दोनों ने उनसे सोने की चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट ले लिये. इसके बाद बाइक से बरवाअड्डा की ओर फरार हो गये.

पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद

घटना के बाद बुजुर्ग ने धनबाद थाना पहुंचकर शिकायत की. पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ना चुनौती है. पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता और गश्ती बढ़ाने की जरूरत है.

Post a Comment

0 Comments