-->

Dhanbad : कतरास में इंटर स्टेट बस टर्मिनल के लिए नगर निगम को 239 करोड़ की फ्री में मिली 12 एकड़ जमीन, छह महीने में काम शुरू नहीं होने पर वापस होगी जमीन

धनबाद शहर के भीड़ वाले इलाके बरटांड़ बस स्टैंड से बस डिपो हटाकर कतरास के लिलोरी मंदिर के समीप शिफ्ट करने की योजना नौ वर्षों बाद धरातल पर उतरती हुई नजर आ रही है। डीसी आदित्य रंजन ने धनबाद नगर निगम को कतरास में इंटर स्टेट बस टर्मिनल बनाने के लिए 12 एकड़ जमीन नि:शुल्क ट्रांसफर कर दी है। जमीन मिलते ही धनबाद नगर निगम ने आईएसबीटी की डीपीआर को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाने के लिए नगर निगम को जमीन नहीं मिल रही थी। पहले बरवाअड्डा के पंडुकी में निगम को जमीन मिली थी लेकिन उस जमीन पर अवैध कब्जा की वजह से यह योजना अटक गई थी। जमीन के अभाव में लटकी सरकारी योजनाओं पर डीसी लगातार बैठक कर इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लिलोरी मंदिर के समीप कतरास मौजा में 55 एकड़ गैर आबाद खाते की जमीन में से 12 एकड़ जमीन नगर निगम को डीसी के आदेश पर ट्रांसफर कर दिया गया। आईएसबीटी के लिए जमीन मिलते ही इसकी अंतिम बाधा भी दूर हो गई है। डीपीआर बनाने के लिए सरकार को भेजा पत्र जमीन मिलने पर नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने आईएसबीटी की डीपीआर बनाने के लिए सूडा के निदेशक को पत्र लिखा है। नगर आयुक्त ने लिखा है कि डीसी के आदेश पर नगर निगम को नि:शुल्क जमीन का ट्रांसफर किया गया है। जूडको से इसकी डीपीआर तैयार करने का अनुरोध किया गया है। डीपीआर बनने पर इसका टेंडर किया जाएगा। *छह महीने में काम शुरू नहीं हुआ तो वापस होगी जमीन* जिला प्रशासन ने नगर निगम को कुछ शर्तों के साथ जमीन ट्रांसफर की है। इसमें लिखा गया है कि छह महीने में अगर काम शुरू नहीं किया गया तो जमीन वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छह महीने के बाद स्वत: यह जमीन राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग को वापस हो जाएगी। इस जमीन की सरकारी कीमत 239 करोड़ है, जिसे निगम को नि:शुल्क ट्रांसफर किया गया है। नगर निगम को आईएसबीटी कतरास के लिलोरी मंदिर के समीप के लिए 12 एकड़ जमीन नि:शुल्क ट्रांसफर की गई है। जमीन की वजह से यह योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। शहर की एक बड़ी योजना अब धरातल पर उतरेगी। -आदित्य रंजन, डीसी, धनबाद

Post a Comment

0 Comments