दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। मंगलवार को धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कतरास पहुंचे और कांको मोड़ आठ लेन इलाके में ट्रैफिक एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
मौके पर मौजूद बाघमारा एसडीपीओ पीके सिंह और कतरास थानेदार असित कुमार सिंह को एसएसपी ने कई दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कांको मोड़, राहुल चौक और गुहीबांध में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
ब्लैक फिल्म और बिना हेलमेट वालों पर कार्रवाई
वाहन चेकिंग अभियान में ट्रैफिक इंचार्ज सार्जेंट मेजर राकेश कुमार दुबे के नेतृत्व में दर्जनों गाड़ियों की जांच की गई।
• गाड़ियों में लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर उतरवाया गया।
• बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों से फाइन वसूला गया।
• बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।
• साथ ही वाहनों के इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की गई।
त्योहार में कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ जुटती है। ऐसे में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कतरास और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सख्ती और सतर्कता से लोगों में सुरक्षा का संदेश गया है।


0 Comments