धनबाद / तोपचंची। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर नागरिकों में स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं पर्यटन के प्रति जागरूकता के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरूवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल तोपचांची पहुंच कर साइक्लिंग रैली (साइक्लोथोन) में शामिल हुए। तोपचांची चौक से तोपचांची झील के समीप तक इन्होंने साइकिल चलाये। इस दौरान उन्होंने नागरिकों में स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं पर्यटन के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। साथ हीं स्वस्थ शरीर-सशक्त राज्य के संदेश को प्रसारित किया गया। खास कर युवा वर्ग को सतत जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। आने वाले अगले 25 साल में झारखंड सार्वांगीण विकास के साथ बढ़े इसी कामना के साथ हम सभी को मिलकर कार्य करना है। राज्य में शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ व्यवस्था, रोजगार समेत विकास क्षेत्र में कार्य करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी, जिसमे संपूर्ण जिलावासियों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

0 Comments