झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है. सभी जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है. खूंटी, रांची, बोकारो, चाईबासा, डाल्टनगंज और लोहरदगा में शीतलहर चलने से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है. इन जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है. अस्पतालों में ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या बढ़ गई है. इस बीच मौसम केंद्र ने ठंड से बचाव को लेकर अलर्ट जारी किया है.
खूंटी में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक पूरे राज्य में सबसे कम तापमान खूंटी में 2.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. यहां जबरदस्त शीतलहर चल रही है. हालत यह है कि खूंटी के मुरहू में ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील हो गई. बुधवार की सुबह मुरहू के लोग जब नींद से जागे तो घास और गाड़ियों पर बर्फ की पतली चादर देखी. राहत की बात यह रही कि खूंटी में बुधवार को अच्छी धूप निकली है. फिर भी हवा में जबरदस्त नमी है।

0 Comments