धनबाद : नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही धनबाद के प्रशासनिक ढांचे में अहम बदलाव देखने को मिले हैं। झारखंड सरकार ने नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) और सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) समेत जिले के कई प्रमुख प्रशासनिक पदों पर नई नियुक्तियां की हैं।
इससे धनबाद का प्रशासनिक चेहरा आंशिक रूप से बदल गया है।
राज्य सरकार ने वर्ष 2025 के अंतिम दिन 31 दिसंबर को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कुल 15 अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस क्रम में आशीष गंगवार को धनबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, सन्नी राज को धनबाद का उप विकास आयुक्त बनाया गया है, जबकि लोकेश बारंगे धनबाद के नए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) होंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिनों के भीतर तीनों अधिकारी धनबाद पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, पिछले कुछ समय से रिक्त पड़े उत्पाद आयुक्त के पद पर वरीय आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल को नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि इस पद पर पूर्व में कार्यरत विनय चौबे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
तबादला आदेश के तहत अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अमीत कुमार को सचिव, वाणिज्य कर विभाग बनाया गया है, साथ ही उन्हें आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राजीव रंजन को राजस्व पर्षद का अपर सदस्य, अबु इमरान को वित्त विभाग में सचिव (व्यय) तथा छवि रंजन को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का अभियान निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा उत्कर्ष कुमार को डीडीसी, पश्चिमी सिंहभूम, ओम प्रकाश गुप्ता को नगर आयुक्त, हजारीबाग, रिया सिंह को डीडीसी, हजारीबाग तथा अभिनव प्रकाश, अर्नव मिश्रा, आदित्य पांडेय और कुमार रजत को विभिन्न जिलों में अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। इन तबादलों को प्रशासनिक मजबूती और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

0 Comments