
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने राज्य सरकार पर महिलाओं और बच्चियों के अधिकारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग छह वर्षों से राज्य महिला आयोग और झारखंड बाल संरक्षण आयोग में अध्यक्ष एवं सदस्यों के पद रिक्त पड़े हैं, जिसके कारण हजारों महिलाएं और बच्चियां न्याय एवं संरक्षण से वंचित हो रही हैं।मंईयां सम्मान योजना पर बोलते हुए विधायक ने कहा कि सरकार ने 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। लगभग 8 लाख से अधिक आवेदन महीनों से लंबित पड़े हैं। विधायक ने पूजा टॉकीज से जोड़ाफाटक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण, तेतुलमारी-भूली (8 लेन) पथ तथा बरवाड्डा-धनबाद फोरलेन पथ के मध्य स्थित जंक्शन प्वाइंट मेमको मोड़ पर आवश्यकतानुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया में हो रही देरी का मामला उठाया।चिरकुंडा क्षेत्र में आवासित लोगों के अधिकार और सुरक्षा का मामला भी उठाया। कहा चिरकुंडा नगर परिषद के अंतर्गत वार्ड संख्या 13, 14, 15 और 16 के बगानधोड़ा, नीचुधोड़ा, उरियाधोड़ा, कालीधोड़ा और हांडीधोड़ा जैसे क्षेत्रों में घनी आबादी के साथ लोग वर्षों से निवास कर रहे हैं। उनके आवास की सुरक्षा जरूरी है।
0 Comments