धनबाद : धनबाद मंडल में रेल सुरक्षा बल और अपराध आसूचना शाखा ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 07/08 पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया और एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार सीआईबी धनबाद को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 13352 अलेप्पी एक्सप्रेस से गांजे की एक बड़ी खेप ओडिशा से धनबाद लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही ट्रेन सुबह करीब 10:40 बजे धनबाद स्टेशन पहुंची, हुलिए के आधार पर कंचन देवी (40 वर्ष) और रामचंद्र हरिजन (19 वर्ष) को दो ट्राली बैग के साथ हिरासत में लिया गया।
16 लाख से अधिक का गांजा बरामद
जांच करने पर बैग से कुल 33 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 94 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से यह खेप लेकर डेहरी जा रहे थे जिसके बदले उन्हें पांच-पांच हजार रुपये मिलने थे। इस तस्करी का मुख्य सरगना ओडिशा निवासी विजय महापात्रा बताया जा रहा है जो पुलिस को देखते ही मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के बांका जिले के निवासी हैं जो वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रह रहे थे। पुलिस ने गांजे के साथ दो मोबाइल, 15500 रुपये नकद और एयरबड्स भी जब्त किए हैं।
रेल थाना धनबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस सफल अभियान में सीआईबी प्रभारी अरविंद कुमार राम और पोस्ट प्रभारी अजय प्रकाश सहित पुलिस बल की मुख्य भूमिका रही।

0 Comments