-->

गोमो फुटबॉल ग्राउंड में जनसंवाद सभा का आयोजन, क्षेत्रवासियों से जुटने की अपील

 


गोमो। पुराना बाजार गोमो में टाइगर फोर्स के धनबाद जिला संरक्षक देवेंद्र सिंह उर्फ काले सरदार की अध्यक्षता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 13 मई को गोमो फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित होने वाली जन एकता संकल्प सभा को सफल बनाने हेतु क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। यह जनआंदोलन पूर्णतः गैर-राजनीतिक है, जिसे सभी समुदायों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं एवं युवाओं का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी खुलकर इस आंदोलन के समर्थन की घोषणा की है।

प्रेस वार्ता के दौरान कहा गया कि गोमो सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से व्याप्त भीषण बिजली संकट ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार घंटों बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, जर्जर तारों एवं ट्रांसफार्मरों की खराब स्थिति, बार-बार फॉल्ट होने, गर्मी के दिनों में पेयजल संकट उत्पन्न होने तथा छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, छात्रों एवं आम परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, छोटे उद्योग एवं व्यवसाय ठप पड़ रहे हैं, वहीं बुजुर्गों एवं मरीजों को भीषण गर्मी में भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई है। अब समय आ गया है कि क्षेत्र की जनता एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करे ताकि वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

सभा में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के माननीय सांसद ढुल्लू महतो जी उपस्थित रहेंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि जनता द्वारा रखी जाने वाली समस्याओं को वे गंभीरता से सुनेंगे एवं उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेंगे। यह सभा क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधे जनसंवाद का एक मजबूत माध्यम बनेगी, जहां लोग खुलकर अपनी बात रख सकेंगे।

इस अवसर पर मुख्य रूप से चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के राजीव सोनी, अनूप कुमार, नुमान अहमद रवींद्र वर्णवाल, पूर्व सीवाईएम बीसी मंडल, फिट ओ लाइफ से रवि वर्णवाल, देवेंदु हल्दर , सैंकी गुप्ता तथा मनिंदर सिंह, मनजीत सिंह, बैजनाथ दास, बिक्की कुमार,जाहिद अंसारी, डब्लू कुरैशी, कासिम खान, सुनील जॉन एवं मिट्ठू मारकुस सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments