धनबाद : बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम करीब पांच बजे हुए हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी मजदूरों के ऊपर गिर पड़ी, जिससे वे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद भी बीसीसीएल प्रबंधन के बड़े अधिकारी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे मजदूरों के परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने चारों मजदूरों के शव को मुनीडीह वाशरी गेट पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वे मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी मजदूर ठेका पर कार्यरत थे। बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से दावा किया गया था कि हादसे के बाद उच्च अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजा गया है, लेकिन तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा।
स्थिति को देखते हुए कोल वाशरी प्रोजेक्ट को सीआईएसएफ के जवानों ने बंद कर दिया है। वहीं, मृतकों के परिजन और अन्य मजदूर शव के साथ धरने पर बैठे हुए हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

0 Comments