तोपचांची : तोपचांची प्रखंड कार्यालय में उस समय भावुक माहौल बन गया जब पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा अचानक तोपचांची पहुंचे। वर्तमान में बुंडू एसडीएम के रूप में कार्यरत बेसरा एक केस के सिलसिले में धनबाद आए थे और वापस लौटने के दौरान उन्होंने तोपचांची में कुछ समय बिताया। जैसे ही प्रखंड कार्यालय के कर्मियों को उनके आगमन की जानकारी मिली, उनसे मिलने के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोविड काल और चुनावी कार्यों के दौरान उनके साथ काम कर चुके कर्मियों ने उन्हें एक सरल, मित्रवत और मार्गदर्शक अधिकारी बताया। कर्मियों ने कहा कि बेसरा ने हमेशा खुले मन से कर्मचारियों के साथ काम किया और उनका स्नेह व मार्गदर्शन आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। कर्मचारियों के अनुसार उनके साथ बिताया गया समय अविस्मरणीय रहा। इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी नीलू टुड्डू से भी मुलाकात की और प्रखंड व अंचल कार्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली। बताया गया कि तोपचांची के विकास कार्यों को आगे बढ़ता देख वे काफी प्रसन्न नजर आए। कुछ देर रुकने के बाद कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी, जिसके बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।


0 Comments