-->

मइया सम्मान योजना के सत्यापन में बिचौलियों से बचने की अपील प्रखंड प्रमुख ने की।


तोपचांची: मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना के वार्षिक सत्यापन को लेकर तोपचांची प्रखंड प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। प्रखंड स्तर पर आंगनबाड़ी सेविका एवं पंचायत सेवकों को घर-घर जाकर लाभार्थियों का सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी गई है। तोपचांची प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार ने बताया कि सत्यापन के दौरान यह जांच की जाएगी कि लाभार्थी झारखंड के निवासी हैं या नहीं तथा वे योजना के वास्तविक पात्र हैं या नहीं। इसके लिए इंक्लूजन और एक्सक्लूजन फॉर्म पंचायतों में उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिये के झांसे में न आएं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है और इसके लिए किसी को पैसा देने की आवश्यकता नहीं है। सत्यापन के लिए राशन कार्ड, निवास संबंधी जानकारी, एकल खाते की जानकारी सहित आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। वहीं, मृत्यु होने की स्थिति में मृत्यु प्रमाण पत्र भी देना होगा। प्रमुख ने बताया कि आंगनबाड़ी सेविका के सत्यापन के बाद पंचायत सेवक द्वारा जांच की जाएगी, जिसके बाद प्रखंड स्तर पर क्रॉस-वेरिफिकेशन होगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments