धनबाद : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी अधिसूचना के तहत पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में सूबे के सभी 14 संसदीय क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
साथ ही विभाग एवं प्रकोष्ठ के भी प्रभारी की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की है।
धनबाद संसदीय क्षेत्र का प्रभारी कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह को बनाया गया है। अनूप सिंह बोकारो जिले के बेरमो विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी पत्नी अनूपमा सिंह को धनबाद क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर लड़वाया था। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली।
धनबाद लोकसभा क्षेत्र से हार के बाद भी अनूपमा सिंह की सक्रियता कम नहीं हुई है। उनकी तैयारी 2029 का चुनाव भी धनबाद से लड़ने की है। ऐसे में अनूप सिंह का धनबाद लोकसभा का प्रभारी बनना अपने आप सब कुछ स्पष्ट कर देता है। वे अपनी पत्नी के लिए धनबाद लोकसभा में जनाधार बढ़ाने और माहाैल बनाने का काम करेंगे।
अनूप सिंह को प्रभारी बनने पर कांग्रेस के धनबाद जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बधाई देते हुए कहा है कि पार्टी अब और मजबूती से जनता के बीच पहुंच सकेगी। वहीं, प्रदीप तुलस्यान गिरिडीह के प्रभारी बने हैं। भीम कुमार को चतरा, सुल्तान अहमद खान को दुमका, व गुंजन सिंह को गोड्डा और नमन विक्सल कोंगाडी को रांची संसदीय क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठों और अभियान से जुड़े पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी देकर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को धार मिलेगी।
धनबाद में अनूप सिंह को प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने अनूप सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ पूरे धनबाद संसदीय क्षेत्र को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन और मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में तेजी आएगी।

0 Comments