गोमो निवासी तथा धनबाद सांसद प्रतिनिधि हनी सिंह ने डीआरएम धनबाद अखिलेश मिश्र से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात कर गोमो एवं आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं एवं आवश्यक यात्री सुविधाओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से विशेष रूप से गोमो-धनबाद रेलखंड में ट्रेनों के लंबे अंतराल की समस्या को उठाया गया। वर्तमान में गोमो से धनबाद तथा धनबाद से गोमो के बीच कई घंटों तक कोई पैसेंजर ट्रेन उपलब्ध नहीं रहती, जिससे दैनिक यात्री, विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यवसायी एवं आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान हेतु सिंदरी-धनबाद पैसेंजर ट्रेन का परिचालन पुनः गोमो तक विस्तारित करने की मांग की गई।
इसके अतिरिक्त गोमो रेलवे फुटबॉल ग्राउंड में हाईमास्ट लाइट लगाने तथा स्टेशन परिसर के निकट यात्रियों की सुविधा हेतु एक कैफेटेरिया स्थापित करने की मांग भी रखी गई।
साथ ही, पूर्व में दिए गए आवेदन में गोमो स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर की समयावधि बढ़ाने की मांग का भी उल्लेख किया गया। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए डीआरएम अखिलेश मिश्र जी ने तत्काल सीनियर डीसीएम को अपने कक्ष में बुलाकर मामले में सकारात्मक पहल करने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जो गोमो क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक सुखद एवं सकारात्मक संकेत है।
आशा है कि रेल प्रशासन जनहित एवं यात्री हित से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा।

0 Comments