-->

कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्री घायल, हादसे के बीच उचक्कों ने उड़ाया पर्स और मोबाइल


 कतरास : मधुबन थाना क्षेत्र के सिनीडीह फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल पिता-पुत्री सड़क पर तड़प रहे थे, तभी मानवता को शर्मसार करते हुए किसी उचक्के ने उनका पर्स और मोबाइल उड़ा लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है।

बताया जाता है की नवागढ़ निवासी कृष्णा वर्मा अपनी बेटी को बाइक JH10BR-8886 पर बिठाकर बैंक जा रहे थे।फोरलेन पार करने के दौरान एक सफेद रंग की तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार JH10CY-6521ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर मारकर कार चालक तेजी से कतरास की ओर भागा। स्थानीय लोगों ने पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सके।

टक्कर लगते ही पिता-पुत्री बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।स्थानीय लोग मदद को दौड़ पड़े, तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी उचक्के ने कृष्णा वर्मा का मोबाइल और जरूरी कागजात से भरा पर्स गायब कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना के एस आई चमन कुमार शर्मा दल बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच-पड़ताल की और घायल का चोरी हुआ पर्स व मोबाइल ढूंढ निकाला।स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और पास के ही एक मेडिकल स्टोर ले जाकर उनकी मरहम-पट्टी कराई।पुलिस फिलहाल फरार कार और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।






Post a Comment

0 Comments