-->

तोपचांची में आवारा पशु बना हादसे की वजह, गाय से टकराई फॉर्च्यूनर


तोपचांची: जीटी रोड पर आवारा पशुओं के कारण एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। सोमवार को तोपचांची थाना क्षेत्र के बांकापुल के समीप एक फॉर्च्यूनर कार अचानक सड़क पर आई गाय से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार इसरी की ओर से धनबाद जा रही थी। इसी दौरान एक गाय डिवाइडर पार कर अचानक सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को नियंत्रित करते हुए गाय को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई और दुर्घटना हो गई।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस की मदद से वाहन में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जीटी रोड पर आवारा पशुओं का सड़क पर घूमना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने NHAI एवं प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

इधर, घटना की सूचना मिलने पर गाय का मालिक भी मौके पर पहुंच गया और गाय के नुकसान को लेकर मुआवजे की मांग करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments