-->

मुहर्रम पर्व को लेकर हरिहरपुर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

 


गोमो: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हरिहरपुर थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारियों ने की। इस दौरान प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार, अंचलाधिकारी नीलू टुडू, पुलिस इंस्पेक्टर असीम कुमार टोपनो, हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार महतो, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, सहित अखाड़ा कमेटी के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि गोमो एवं हरिहरपुर थाना क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। और अब तक मुहर्रम के अवसर पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।

बैठक के दौरान अखाड़ा कमेटी के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की तैयारियों, जुलूस के समय और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्रशासन को दी। वहीं प्रशासन ने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

साथ ही कहा गया कि पूर्व की भांति इस वर्ष भी सभी के सहयोग से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराया जाएगा।



Post a Comment

0 Comments