मशाल जुलूस लूतीपहाड़ी मोड़ से शुरू होकर बाघमारा बाजार होते हुए खानूडीह स्टेशन पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों की अनदेखी पर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि महुदा-गोमो रेलखंड स्थित खानूडीह रेलवे फाटक अधिकांश समय बंद रहता है, जिससे अस्पताल, प्रखंड मुख्यालय, स्कूल-कॉलेज और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि फाटक पर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में कई बार आंदोलन किया जा चुका है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले वर्ष रेलवे एवं झारखंड सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर आरओबी निर्माण का सर्वे किया था। उस दौरान शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे लोगों में रेल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

0 Comments