गोमो रेल नगरी के टीआरएस रेल कॉलोनी से एक रेलकर्मी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। लोको शेड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत रवि सिंह का शव उनके रेल क्वार्टर में फंदे से झूलता हुआ पाया गया। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, रवि सिंह पिछले करीब सात दिनों से अपने काम पर नहीं जा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, पिछले शनिवार को रवि सिंह से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था।
इधर, आज रेल क्वार्टर के आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद मामले की सूचना हरिहरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्वार्टर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां रवि सिंह का शव पंखा लगाने वाले हुक से फंदे के सहारे झूलता मिला।
बताया जा रहा है कि शव कई दिनों पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के माता-पिता, जो रोहतास जिले के रहने वाले हैं, मौके पर पहुंचे।
बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, हरिहरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

0 Comments