नयी दिल्ली : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा अपने पद से त्यागपत्र दिए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा विवाद को लेकर लंबे समय से जंतर-मंतर पर मोर्चा संभाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुराने बयान पर जोरदार कटाक्ष किया है। रक्षा मंत्री के बयान को याद दिलाकर साधा निशाना : अभिजीत दीपके ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के उस चर्चित वक्तव्य पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार का यह भ्रम अब टूट चुका है कि इस शासनकाल में इस्तीफे नहीं होते। दीपके ने तंज कसते हुए कहा : "रक्षा मंत्री जी कहा करते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते हैं। लेकिन देश के युवाओं और छात्रों के एकजुट और अनुशासित आंदोलन ने यह साबित कर दिया है कि 'झुकती है सरकार, झुकाने वाला चाहिए।' जब अन्याय के खिलाफ जनता और युवा शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरते हैं, तो बड़ी से बड़ी सत्ता को भी जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ता है।"
'छात्र शक्ति और लोकतंत्र की जीत' : सीजेपी प्रमुख ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि देश की भ्रष्ट परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक माफिया के खिलाफ छात्रों के लगातार संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का आंदोलन केवल एक इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि जब तक पूरे परीक्षा ढांचे को लीक-प्रूफ, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी नहीं बना दिया जाता, तब तक छात्रों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी।

0 Comments