-->

जीतपुर–लालूडीह मुख्य मार्ग की झाड़ियों की हुई सफाई, ग्रामीणों ने समाजसेवी अहमद भाई का जताया आभार।


गोमो : जीतपुर पंचायत के लालूडीह, चैता, चमड़ा गोदाम, सुकूडीह और आजाद नगर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सड़क के दोनों ओर उगी घनी झाड़ियों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग पुराना बाजार और गोमो रेलवे स्टेशन आने-जाने का प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है।

स्थानीय ग्रामीण राजकिरण मिश्रा और तबरेज आलम ने बताया कि झाड़ियों के कारण अक्सर सांप निकलते थे, जिससे सर्पदंश का खतरा बना रहता था। इस समस्या को लेकर उन्होंने जीतपुर पंचायत के वर्तमान मुखिया से कई बार सड़क की साफ-सफाई और बिजली के खंभों पर लाइट लगाने की मांग की, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई।

इसके बाद ग्रामीणों ने लालूडीह के समाजसेवी अहमद भाई से मदद की अपील की। ग्रामीणों के अनुसार, अहमद भाई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने निजी खर्च पर मजदूर लगाकर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की साफ-सफाई शुरू करा दी। उन्होंने भविष्य में इस मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था के लिए लाइट लगाने का भी आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस पहल से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सर्पदंश जैसी संभावित घटनाओं का खतरा भी कम होगा। राजकिरण मिश्रा, तबरेज आलम तथा मोहम्मद अकरम सहित स्थानीय लोगों ने समाजसेवी अहमद भाई के इस जनहित कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य करते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments