BLO और राजनीतिक दलों ने की मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा
गोमो: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत बुधवार, 22 जुलाई 2026 को गोमो के उर्दू प्राथमिक विद्यालय, लोको बाजार स्थित मतदान केंद्र संख्या 178 एवं 179 पर चुनाव पाठशाला एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संबंधित BLO, BLA-2, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र 42 टुंडी के अंतर्गत चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने SIR अभियान के तहत प्राप्त प्रपत्रों, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, स्थानांतरण (Shift), मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा अन्य दावों एवं आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।
बैठक में आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), इंडियन नेशनल कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी, आजसू पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), राष्ट्रीय जनता दल (RJD) तथा जनता दल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को संपन्न कराने पर सहमति जताई।
बूथ संख्या 179 के वॉलिंटियर मोहम्मद इम्तियाज अली ने बताया कि SIR अभियान अंतिम चरण में है और निर्धारित समय के भीतर सभी आवश्यक प्रपत्रों का सत्यापन कर उन्हें ब्लॉक कार्यालय में जमा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों एवं सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
रुबीना कौसर ने बताया कि चुनाव पाठशाला के माध्यम से सभी संबंधित पक्षों को SIR प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा प्राप्त प्रपत्रों पर आवश्यक कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर बूथ संख्या 178 की BLO वंदना देवी एवं 179 की BLO मेनका देवी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों से समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की। मौके मैजुद्दीन उर्फ मुखिया, समीर अंसारी समाज सेवी, जाहिद उस्मानी, हनान अंसारी, मनोज कुमार, हुसैन शाह, कनिजा बीबी, पंचायत समिति सदस्य, रेहाना खातून, सहित ग्रामीण मौजूद थे।

0 Comments