बलियापुर, 1 अगस्त: सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (CITU) एवं झारखंड राज्य किसान सभा (JRKS) के संयुक्त तत्वावधान में 10 अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बलियापुर में पैदल जत्था निकाला गया।
पैदल मार्च बलियापुर हाई स्कूल मैदान से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए पूरे बलियापुर बाजार का भ्रमण कर बलियापुर चौक पर संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "मजदूर-किसान एकता जिंदाबाद", "लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ" तथा "10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाओ" के नारे लगाए।
कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतीय किसान सभा के पूर्व उपाध्यक्ष कॉमरेड हरकिशन सिंह सुरजीत की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान और संघीय ढांचे पर लगातार हमले हो रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी और कॉर्पोरेट लूट जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों, खेती, सार्वजनिक उपक्रमों और जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं पर कॉर्पोरेट घरानों का बढ़ता नियंत्रण किसानों, मजदूरों और मेहनतकश जनता के हितों के खिलाफ बताया गया।
नेताओं ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और देश की आजादी की रक्षा के लिए 10 अगस्त को होने वाले देशव्यापी जेल भरो आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता संतोष कुमार महतो ने की। इस अवसर पर सीटू जिला महामंत्री राम कृष्णा पासवान, किसान सभा (JRKS) जिला संयोजक परशुराम महतो, शिव बालक पासवान, हराधन रजवार, उमाशंकर चौहान, गौतम प्रसाद, भगवान दास, उपासी महताइन, कन्हाई सिंह, नौशाद अंसारी, जितेंद्र निषाद सहित बड़ी संख्या में मजदूर, किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments