गोमो। तोपचांची के साहू बहियार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सांप अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच गया। सांप के अंदर घुसने की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों और मरीजों में हलचल बढ़ गई।
बताया गया कि सांप ऑपरेशन थिएटर में वायरिंग और लाइट के पास जाकर फंस गया था। अस्पताल कर्मियों ने बिना देर किए इसकी सूचना स्नेक सेवर प्रकाश यादव को दी। सूचना मिलते ही प्रकाश यादव अस्पताल पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद अस्पताल कर्मियों और मरीजों ने राहत की सांस ली। प्रकाश यादव के अनुसार, बरसात के मौसम में सांप अक्सर अपने ठिकानों से बाहर निकलते हैं। संभव है कि चूहे या मेंढक का पीछा करते हुए यह सांप अस्पताल के अंदर पहुंचा हो।
उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किया गया सांप जहरीला नहीं है और इसे रेड स्नेक के नाम से जाना जाता है। विभाग को सूचना देने के बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

0 Comments