-->

बैंक ऑफ इंडिया ने मनाया 121वाँ स्थापना दिवस, ग्राहक-केंद्रित पहल और हरित अभियान पर रहा जोर।


धनबाद। बैंक ऑफ इंडिया ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को अपना 121वाँ स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया के धनबाद अंचल की ओर से कई सामाजिक, ग्राहक-केंद्रित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत झारखंड सरकार के माननीय मंत्री सुदिव्य सोनू की दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई।

इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया धनबाद अंचल के आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद और उप आंचलिक प्रबंधक अभ्रतनु चंद के नेतृत्व में स्थापना दिवस समारोह आयोजित हुआ। बैंक की 121 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा के प्रतीक के रूप में 121 गुब्बारे छोड़े गए और केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया।

ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधा देने के उद्देश्य से बरवाअड्डा शाखा का नवीनीकरण कर विधिवत उद्घाटन किया गया। वहीं, धनबाद मुख्य शाखा और सरायढेला शाखा में ग्राहकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए।

स्थापना दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संयुक्त भवन पार्क, धनबाद में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।

बैंक के आंचलिक प्रबंधक ने कहा कि 121वाँ स्थापना दिवस केवल गौरवशाली विरासत का उत्सव नहीं, बल्कि ग्राहकों, कर्मचारियों, समाज और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर है।

बैंक ने आने वाले समय में बेहतर और त्वरित बैंकिंग सेवाओं, आधुनिक डिजिटल सुविधाओं, प्रतिस्पर्धी वित्तीय समाधानों और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

बैंक ऑफ इंडिया धनबाद अंचल की ओर से सभी ग्राहकों को 121वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।

Post a Comment

0 Comments