धनबाद : पूर्व मध्य रेलवे में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था को देखते हुए 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है. अब 25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक शुरू होने वाली यात्राओं के दौरान यह ट्रेन जसीडीह-देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी होकर गोरखपुर जाएगी.
इसी तरह वापसी में 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से दुमका होकर चलेगी. इससे इस अवधि में दुमका और देवघर होकर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को भी इस ट्रेन की सेवा मिलेगी.
25 सितंबर से 2 अक्तूबर तक बदला रहेगा रूट
रेलवे के अनुसार 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस की 25, 26, 27, 28, 29 और 30 सितंबर तथा 1 और 2 अक्तूबर को शुरू होने वाली यात्राओं का मार्ग परिवर्तित रहेगा.
पहले यह ट्रेन जसीडीह-किऊल-मुंगेर-बरौनी के परिवर्तित मार्ग से संचालित होने वाली थी. अब इसे जसीडीह से देवघर-दुमका-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी होते हुए गोरखपुर तक चलाया जायेगा.
वापसी में भी दुमका होकर चलेगी ट्रेन
15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस की 26, 27, 28, 29 और 30 सितंबर तथा 2, 3 और 4 अक्तूबर को शुरू होने वाली यात्राएं भी बदले मार्ग से संचालित होंगी.
गोरखपुर से संबलपुर लौटने के दौरान ट्रेन बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-दुमका-देवघर-जसीडीह होते हुए आगे संबलपुर की ओर जायेगी.
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण फैसला
पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है. इसी के चलते कुछ ट्रेनों के परिचालन मार्ग में बदलाव किया गया है. कार्य के दौरान ट्रेनों का परिचालन सुचारु रखने के लिए मौर्य एक्सप्रेस को जसीडीह-किऊल के बजाय देवघर-दुमका-भागलपुर के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है.
रेल यात्रियों को सलाह दी गयी है कि इस अवधि में यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के परिवर्तित मार्ग और संबंधित परिचालन जानकारी की पुष्टि कर लें.

0 Comments