तोपचांची : राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को अब तोपचांची में ही त्वरित और बेहतर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इस दिशा में एनएचएआई-सेकुरा ने एक अहम पहल करते हुए तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को कई आधुनिक चिकित्सा उपकरण सौंप हैं। गुरुवार को टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने इन सुविधाओं का विधिवत उद्घाटन किया। एनएचएआई-सेकुरा की ओर से अस्पताल को 5 नए बेड, हृदय गति जांचने वाली ईसीजी मशीन, दो ऑपरेशन टेबल, ऑपरेशन लाइट और वाटर कूलर जैसी अति-आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन के मौके पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन उपकरणों से आपात स्थिति में घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से इन संसाधनों का जनहित में बेहतर उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में तोपचांची की बीडीओ नूपुर कुमारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. श्वेता गुंजन, थाना प्रभारी लव कुमार, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, एनएचएआई-सेकुरा के प्रोजेक्ट हेड देवन्त राय, मैनेजर सिद्धार्थ गौतम, असिस्टेंट मैनेजर रोशन कुमार और सेफ्टी ऑफिसर रोहित चौबे समेत अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

0 Comments