-->

कतरास छाताबाद काजू बगान में फिर बना गोफ, तालाब का पूरा पानी जमीन में समाया , दहशत में लोग


धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद काजू बगान में शनिवार को एक बार फिर जमीन में गोफ बनने से हड़कंप मच गया। गोफ में तालाब का पूरा पानी समाने लगा। बताया जा रहा है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी गोफ बना था, जिसमें तालाब का पूरा पानी चला गया था। इसके बाद बीसीसीएल की ओर से गोफ की भराई कराई गई थी।

इसके बावजूद अब उसी क्षेत्र में दूसरी जगह फिर गोफ बनने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गोफ में लगातार तालाब का पानी समा रहा है, जबकि आसपास हजारों की आबादी रहती है। ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से लोग दहशत में हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी छाताबाद के दूसरे छोर पर भू-धंसान की घटनाएं हुई थीं, जिसमें करीब दो दर्जन घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद सैकड़ों लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरी जगह रहने को मजबूर होना पड़ा था।

लगातार हो रही भू-धंसान और गोफ की घटनाओं से छाताबाद के लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित विभाग मौके का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करे, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

Post a Comment

0 Comments