चंद्रपुरा : चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पश्चिम पल्ली में हुए डबल मर्डर मामले की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और करीब से जांच कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया है। SIT फॉरेंसिक टीम से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ तकनीकी और अन्य सुरागों का विश्लेषण कर रही है।
SIT का नेतृत्व कर रहे बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हत्याकांड से जुड़े हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
FSL टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के अलावा पुलिस तकनीकी जानकारी और उपलब्ध अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments