जयपुर न्यूज़ :- राजस्थान की जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद लद्दाख के प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को शनिवार दोपहर रिहा कर दिया गया. करीब 170 दिन तक हिरासत में रहने के बाद केंद्र सरकार ने उनके खिलाफ लगाए गए (NSA) को तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला लिया.जानकारी के अनुसार, वांगचुक को 24 सितंबर 2025 को लद्दाख प्रशासन ने हिरासत में लिया था. इसके दो दिन बाद 26 सितंबर को उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था. उन पर लद्दाख में राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप लगाया गया था. उस हिंसा में 4 लोगों की मौत और 150 से अधिक लोग घायल हो गए थे. बताया जा रहा है कि वांगचुक की पत्नी गीतांजलि द्वारा दायर याचिका पर 17 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन उससे पहले ही केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए NSA हटाने का निर्णय ले लिया. गृह मंत्रालय के अनुसार, लद्दाख में शांति, स्थिरता और आपसी विश्वास का माहौल बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है.
0 Comments