-->

बैंक ऑफ इंडिया धनबाद आंचलिक कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित।




महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति का आधार : दिनेश प्रसाद 

गोमो : 10 मार्च 2026 को बैंक ऑफ इंडिया के धनबाद आंचलिक कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने की।

इस अवसर पर धनबाद के उपायुक्त की धर्मपत्नी अमृता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व, महिला सशक्तिकरण तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज की नारी शिक्षा, सेवा, प्रशासन, व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है तथा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने भी महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति का आधार है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिला स्टाफ सदस्यों को मुख्य अतिथि के करकमलों द्वारा उपहार प्रदान किए गए, जिससे सभी कर्मचारियों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा।

अंत में विपणन प्रबन्धक, प्रशांत कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा सभी अतिथियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments