धनबाद :* मुंबई, भोपाल और कोयंबटूर के बाद अब धनबाद से दो और नई ट्रेनें चल सकती हैं। धनबाद से सहरसा और धनबाद से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए दो साप्ताहिक ट्रेन शुरू होने की उम्मीद है।
धनबाद रेल मंडल ने मजबूत पक्ष के साथ मुख्यालय को दोनों ट्रेनों का प्रस्ताव भेज दिया है।
सहरसा की ट्रेन बरौनी होकर तथा न्यू जलपाईगुड़ी की ट्रेन कटिहार होकर चलाने की तैयारी है। सहरसा की ट्रेन चलने से धनबाद और आसपास रहने वाले उत्तर बिहार की बड़ी आबादी को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। दूसरी ओर, न्यू जलपाईगुड़ी की सीधी ट्रेन चलने से दार्जिलिंग-गंगटोक की राह आसान होगी।
*सहरसा के लिए धनबाद से फिलहाल कोई ट्रेन नहीं*
सहरसा और उसके आसपास के लोग कोयलांचल में बड़ी संख्या में हैं। पर धनबाद से सहरसा तक पहुंचने की फिलहाल कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है। हटिया-पूर्णिया कोर्ट कोशी एक्सप्रेस चलती है पर उसमें जगह मिलना मुश्किल होता है। साथ ही रात में सहरसा पहुंचने के कारण सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वालों को स्टेशन पर ही रात बितानी पड़ती है। धनबाद-सहरसा की सीधी ट्रेन यात्रियों को बेहतर विकल्प देगी।
एनजेपी पहुंचने को रांची-कामाख्या एक्सप्रेस एकमात्र साप्ताहिक ट्रेन
न्यू जलपाईगुड़ी एनजेपी पहुंचने के लिए धनबाद से वर्तमान में केवल रांची-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस है। रांची से खुलने के कारण इस ट्रेन में सीट नहीं मिल पाती। पहले सप्ताह में दो दिन चलने वाली रांची-कामाख्या एक्सप्रेस के फेरे घटने से सफर पर संकट और बढ़ गया है।
रांची से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन भी नौ साल पहले 2017 में ही बंद हो चुकी है। धनबाद के यात्रियों को हावड़ा या बर्द्धमान तक पहुंच कर न्यू जलपाईगुड़ी के लिए ट्रेन बदलनी पड़ती है। धनबाद से सीधी ट्रेन यात्रियों व पर्यटकों को बेहतर सुविधा देगी।

0 Comments