-->

तोपचांची के दास टोला में जल संकट गहराया, पांच दिनों से ठप जलापूर्ति।


गोमो। तोपचांची पंचायत के दास टोला में पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि तोपचांची झील में पर्याप्त जलस्तर होने के बावजूद बीते पांच दिनों से यहां जलापूर्ति बंद है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, दास टोला में पिछले पांच दिनों से वाटर बोर्ड द्वारा पानी नहीं दिया गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर बार मशीन खराब होने का हवाला देकर आपूर्ति बाधित कर दी जाती है।

ग्रामीणों ने बताया कि तोपचांची झील में इस समय लगभग 69 फीट पानी उपलब्ध है, और इसी झील से तोपचांची, कतरास, जोगता, आंगरपाथरा, सिजुआ, तेतुलमारी, पांडेडीह और चांदर क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। इसके बावजूद दास टोला के लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। जबकि धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments