गोमो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर लगी सोलर लाइटों की चोरी के बाद लंबे समय से पसरे अंधेरे से अब निजात मिलने वाली है। स्थानीय लोगों की शिकायतों और बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और रेलवे की संयुक्त बैठक में लाइटों की मरम्मत का निर्णय लिया गया है। योजना के अनुसार, रेलवे पहले सभी सोलर लाइटों को ठीक कराएगा और उसके बाद इस आरओबी को पथ प्रमंडल विभाग को हैंडओवर कर देगा।
बता दें कि ओवरब्रिज पर लगी सभी सोलर लाइटें चोरी हो जाने के कारण रात के समय यहां गहरा अंधेरा छाया रहता था। इससे न केवल राहगीरों को परेशानी हो रही थी, बल्कि आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की थी और लाइटें लगवाने की मांग बुलंद की थी।
गौरतलब है कि पहले गोमो के तत्कालीन थाना प्रभारी राहुल कुमार झा के नेतृत्व में भी कुछ लाइटों को दुरुस्त कराया गया था, जिससे अस्थायी राहत मिली थी। अब पूर्ण मरम्मत और हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू होने की सूचना से क्षेत्र के लोगों में खुशी है।

0 Comments