
धनबाद। शहर में पुलिस लगातार सक्रिय है, बावजूद इसके असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय नहीं दिख रहा है। लोग अब पुलिस से भी उलझने लगे हैं। कुछ दिन पूर्व वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी की वर्दी फाड़ने और इस मामले में दो आरोपितों के जेल जाने की घटना चर्चा में थी। इसी बीच सोमवार की रात फिर सरायढेला इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बिग बाजार के पास पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला करने, वर्दी फाड़ने तथा सरकारी हथियार छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है इस घटना को लेकर सरायढेला थाना के एक एएसआइ ने दो नामजद समेत 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरायढेला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना में एक एएसआइ (जमादार घायल हो गए, जबकि उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई और गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई। भुक्तभोगी सअनि रामाशंकर प्रसाद सिंह ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि 10 मई की शाम वह रिजर्व गार्ड के आरक्षी सन्नी कुमार साव और रविंद्र कुमार यादव के साथ गश्ती पर निकले थे। शाम करीब साढ़े सात बजे बिग बाजार के पहले पार्किंग स्टैंड के पास कुछ युवक आपस में मारपीट करते दिखे। पुलिस टीम जब बीच-बचाव करने पहुंची तो 8-10 युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए। आरोप है कि युवकों ने लोहे के मोटे पाइप से सअनि की बांह और चेहरे पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई और गला दबाकर जान मारने का प्रयास किया गया। हंगामे के बीच उनके गले से करीब 17 ग्राम की सोने की चेन भी छीन ली गई। पुलिसकर्मियों के अनुसार आरोपितों ने सरकारी हथियार छीनने की भी कोशिश की, लेकिन जवानों ने किसी तरह हथियार बचा लिया। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद किया है। आवेदन में दो आरोपितों की पहचान अभिषेक सिंह और शुभम सिंह, निवासी स्टील गेट न्यू बैंक कॉलोनी, सरायढेला, के रूप में की गई है। जबकि 7-8 अन्य युवकों को अज्ञात बताया गया है। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों का इलाज एसएनएमएमसीएच अस्पताल में कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
0 Comments