तोपचांची : मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के सत्यापन कार्य में कथित लापरवाही को लेकर मदयडीह पंचायत की कई महिलाएं प्रखंड कार्यालय पहुंचीं और पंचायत सचिव पर परेशान करने का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना था कि पिछले दो-तीन दिनों से उन्हें लगातार बुलाया जा रहा था, लेकिन सत्यापन कार्य पूरा नहीं किया जा रहा था, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद संबंधित अधिकारी ने महिलाओं से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। तत्काल लाभुकों की समस्या के समाधान का निर्देश दिया गया। मामले को संभालते हुए प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार ने कहा कि सभी महिलाओं का सत्यापन प्रखंड कार्यालय में ही बैठाकर ऑन स्पॉट कराया गया, ताकि उन्हें दोबारा परेशानी का सामना न करना पड़े। महिलाओं ने यह भी बताया कि वे अपनी शिकायत लेकर बीडीओ के पास भी गई थीं। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए लाभुकों को जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया।


0 Comments